अमलदार नीहार
हिन्दी विभाग
श्री मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बलिया
बदलते दौर का दस्तावेज़
नीहार के दोहे
लोकतंत्र के मूल्य का पतन---निरख व्यवहार।
लेती है प्रतिशोध जो, वो कैसी सरकार।। 2174।।
कितनी क़ातिल क्रूरता ज्यों ज़ालिम जल्लाद।
ऐसी हिंसक वृत्ति का मूल कहाँ बुनियाद।। 2175।।
घटनाओं के सिलसिले क्रम से करो निबद्ध।
राजनीति के सूत्र में पहले करो पिनद्ध।। 2176।।
भेद अगोचर कुछ नहीं, चुभे नज़र जो शूल।
बोये उसकी राह में नेता नीच बबूल।। 2177।।
कौन बुरा, कितना बुरा, कहना मुश्किल आज।
जिसको सत्ता मिल गयी, अटपट कपटी काज।। 2178।।
शासक-निष्ठा में सने समझ ग्राम-शार्दूल।
भौंके, काटे, चाटते पावरफुल पद 'फूल'।। 2179।।
तनिक नहीं संवेदना, करुणा, ममता, प्यार।
सत्ता के ही यंत्र--मद, मोहित मंत्र सवार।। 2180।।
"ऊपर" से संकेत पा कर दे लाठी-चार्ज।
मज़लूमों के खून से सत्ता हुई रिचार्ज।। 2181।।
एक अघोषित युद्ध ज्यों जनहित-देश-विरुद्ध।
परिभाषा 'जनतंत्र' की कितनी कहो विशुद्ध।। 2182।।
कठिन शिकंजे में पड़ा, ब्रिटिश हुकूमत-मुक्त।
शोषण-अत्याचार की पीड़ा अब भी भुक्त।। 2183।।
फूटे 'जन' की खोपड़ी, मरता मरे किसान।
मरे युवा शिक्षित भले, हत आन्दोलन-प्रान।। 2184।।
हर सत्ता को चाहिए केवल क्रीत गुलाम।
जो लगभग रोबोट हों, बिन दिमाग सब काम।। 2185।।
मंत्री-चाबी से चले बने खिलौने, खेल।
आईएएस ऊँट वो, मंत्री हाथ नकेल।। 2186।।
बेशुमार दौलत मिले औ अकूत अधिकार।।
पहलू में कादम्बरी, मिले डाँट-फटकार।। 2187।।
चलो सफलता मिल गयी, अपराधी को क़ैद।
सचमुच सिस्टम को मिला धनवन्तरि-सा बैद।। 2188।।
कभी फँसे अमिताभ तो फाँसे कभी क़फ़ील।
न्याय-सत्य की आँख जो लोहित करुणा-झील।। 2189।।
किन्तु कहीं नेपथ्य में--क्या कुछ, जाने कौन।
सच का पहरेदार जो, रह सकता कब मौन।। 2190।।
सिस्टम से भिड़ जाय जो शेरे-दिल फौलाद।
भंग भृकुटि, सत्ता कुटिल करे उसे बर्बाद।। 2191।।
अगर जगे इंसानियत, जीवित कुछ ईमान।
मारे दर-दर फिर रहे भर सर्विस हलकान।। 2192।।
आत्मघात को हो विवश, अगर जिए सिद्धान्त।
अधिकारी के सीस पर कुपढ़ शक्ति दुर्दान्त।। 2193।।
जागे दुर्गा-शक्त जब, अमित आभ नय-मूल्य।
क्या रह सबके अ-शोक वो, बिंधे कुसुम-दल शूल्य।। 2194।।
कहीं प्रमोशन चाहिए, चरणों में प्रणिपात।
कुत्तेपन की ज़िन्दगी, बरसे धन दिन-रात।। 2195।।
ग़ायब दिली सुकून सब, ज़ेहन जुनूँ, तनाव।
चारण-चमचों से घिरे, बदले भाव-स्वभाव।। 2196।।
जाहिल खल की गालियाँ, थप्पड़ तक स्वीकार।
इनमे भी सरकार है! ये भी हैं सरकार।। 2197।।
ख़तरे में इंसानियत, ख़तरे में इंसान।
वर्तमान है घिर चुका, भावी हिन्दुस्तान।। 2198।।
रचनाकाल : 28-29 अगस्त, 2021
बलिया, उत्तर प्रदेश
[नीहार-दोहा-महासागर : तृतीय अर्णव(तृतीय हिल्लोल)अमलदार नीहार]
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें